कोरबा, 27 जुलाई। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया। दादर से मानिकपुर मार्ग के पास रहने वाले 50 वर्षीय डॉ. कलीम रिजवी की घर की छत पर सफाई करते वक्त करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी फिरदौस रिजवी गंभीर रूप से झुलस गईं हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे डॉ. कलीम रिजवी छत पर सफाई कर रहे थे, तभी उन्होंने रॉड उठाया जो पास से गुजर रहे 11 केवी हाई वोल्टेज तार से छू गया। तेज करंट की वजह से डॉ. रिजवी की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान पास ही खड़ी उनकी पत्नी फिरदौस रिजवी भी झुलस गईं।
दोनों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने डॉ. रिजवी को मृत घोषित कर दिया। फिरदौस रिजवी का इलाज जारी है।
इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। डॉ. रिजवी के असमय निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
डॉ. कलीम रिजवी अपने क्षेत्र में एक लोकप्रिय चिकित्सक थे और घर पर ही क्लीनिक चलाते थे। वे अपने पीछे पत्नी, पुत्री हिना और पुत्र फयाज को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।