गुरुग्राम में नगर निगम के नोडल अधिकारी आरएस बाठ और रेलवे स्टेशन के नजदीक स्थित एक शराब ठेके के सेल्समैन के बीच तीखी बहस का मामला सामने आया है। विवाद के दौरान अधिकारी द्वारा दस्तावेज सेल्समैन के चेहरे की ओर फेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद शराब ठेकेदारों में नाराजगी बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि नोडल अधिकारी अपनी टीम के साथ इलाके में औचक निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान एक शराब ठेके की जांच के समय नियमों और दस्तावेजों को लेकर सेल्समैन और अधिकारी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। जांच के दौरान अधिकारी ने दुकान संचालन और स्टॉक से जुड़े कागजात मांगे, जिसके बाद सेल्समैन ने जरूरी दस्तावेज उनके सामने रखे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बातचीत के दौरान माहौल अचानक गर्म हो गया। आरोप है कि अधिकारी सेल्समैन के जवाब देने के तरीके से नाराज हो गए और उन्होंने कागज उठाकर उसके मुंह की तरफ फेंक दिए। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए और थोड़ी देर में वहां भीड़ जमा हो गई। घटना से इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मामला बढ़ने के बाद नोडल अधिकारी ने शराब ठेके के मालिक को फोन किया। इस दौरान उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि “अपने सेल्समैन को अच्छे से समझा लें कि अधिकारियों से कैसे बात की जाती है। उसे तमीज और अच्छे से बात करना सिखाएं।” साथ ही उन्होंने यह भी कहा, “मैं कोई चुन्नू-मुन्नू अफसर नहीं हूं”। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।






