रायगढ़ शहर में बीती रात एक मोबाइल दुकान में लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। घटना गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल शॉप की है।
दुकान संचालक मोहम्मद फारुक निवासी लक्ष्मीपुर ने बताया कि वह 9 मार्च की रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। आज सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पर शोकेस में रखे मोबाइल अस्त-व्यस्त मिले और कई मोबाइल गायब थे।
जांच में पता चला कि चोर दूसरी मंजिल के दरवाजे का लॉक तोड़कर दुकान में घुसा और ग्राउंड फ्लोर स्थित दुकान से 16 आईफोन मोबाइल और दराज में रखे 30 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया। चोरी गए मोबाइल और नकदी की कुल कीमत करीब 13 लाख 39 हजार रुपये बताई गई है।
मामले में सिटी कोतवाली थाना रायगढ़ में अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदिग्ध की तस्वीरें सभी थाना-चौकियों और आसपास के जिलों में भेजी गई हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी को संदिग्ध के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.





















