जांजगीर-चांपा ज़िले के पंतोरा अमलीभाटा बकसरा क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। क्षेत्र में श्याम बाई नामक महिला द्वारा लंबे समय से गांजे की खुलेआम बिक्री की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में यह कोई नई बात नहीं है — अवैध धंधा काफी समय से जारी है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
मीडिया टीम पहुंची तो बंद कर दी खिड़की — फिर भी जारी रहा धंधा
मीडिया टीम को जब गांजे की खुलेआम बिक्री की सूचना मिली तो टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां का नज़ारा चौकाने वाला था — जैसे ही कैमरे ऑन हुए और रिकॉर्डिंग शुरू हुई, बिक्री करने वाली श्याम बाई ने खिड़की बंद कर दी और सारा सामान अंदर छिपा लिया। लेकिन स्थानीय लोगों ने बताया कि कैमरा बंद होते ही कुछ ही देर बाद फिर से गांजे की बिक्री शुरू कर दी गई।
विभागीय अधिकारियों को सूचना — लेकिन कार्रवाई नदारद
मीडिया टीम ने घटना की जानकारी संबंधित विभागीय अधिकारियों और पुलिस को तत्काल दी। सूचना के जवाब में अधिकारियों ने कहा — “दिखाता हूं” — लेकिन घंटों बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस लापरवाही ने प्रशासन की भूमिका पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोगों में गुस्सा, नशे से बढ़ रही सामाजिक समस्याएं
गांव के कई लोगों ने बताया कि गांजे की अवैध बिक्री के कारण यहां के युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं। कई परिवार टूटने की कगार पर हैं, और क्षेत्र में अपराध भी बढ़ रहा है। लोगों ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि अगर प्रशासन ने अब भी कार्रवाई नहीं की तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करेंगे।
थाने से महज़ कुछ दूरी पर — फिर भी कोई कार्रवाई नहीं
गौर करने वाली बात यह है कि अवैध गांजे की बिक्री थाने से ज़्यादा दूर नहीं हो रही है। फिर भी न तो पुलिस और न ही आबकारी विभाग कोई ठोस कदम उठा रहा है। इससे यह सवाल उठना लाज़मी है कि आखिरकार बिना प्रशासनिक मिलीभगत के ऐसा धंधा कैसे चल सकता है?
लोगों की प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत अवैध गांजा बिक्री पर छापा मारकर जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में नशे के इस फैलते जाल को रोका जा सके।


