जैजैपुर-सक्ती। सक्ती जिले के थाना हसौद अंतर्गत ग्राम पंचायत नरियरा में काट पत्ती जुए का बड़ा फड़ संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में प्रतिदिन शाम होते ही ताश के पत्तों का जुआ जमता है, जहां स्थानीय लोगों के अलावा दूसरे जिलों से भी खिलाड़ी पहुंचते हैं। यहां लाखों रुपये के दांव लगाए जाने की चर्चा है।
ग्रामीणों के अनुसार, नरियरा में कुछ लोगों द्वारा संगठित तरीके से इस जुए का संचालन किया जा रहा है। यदि इन शिकायतों में सच्चाई है तो यह क्षेत्र की कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब पुलिस छोटे स्तर पर जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करती है, तो बड़े फड़ के संचालकों तक कार्रवाई क्यों नहीं पहुंच पा रही है?
जुआ संचालकों को पुलिस संरक्षण मिलने की चर्चा
स्थानीय स्तर पर जुआ संचालकों को पुलिस संरक्षण मिलने की चर्चाएं भी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी संबंधित लोगों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद जुए का कारोबार बंद नहीं हुआ। दूसरे जिलों से खिलाड़ियों के पहुंचने की बात ने भी मामले को गंभीर बना दिया है। ऐसे में यह जांच का विषय है कि आखिर गांव में इतने बड़े स्तर पर जुए का संचालन कैसे हो रहा है और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं।
छोटे जुआरियों पर कार्रवाई, बड़े संचालकों को छूट
पुलिस की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में कई सवाल उठ रहे हैं। क्या पुलिस की नजर ग्राम नरियरा में संचालित जुआ फड़ पर नहीं है? क्या अब तक हुई कार्रवाई केवल छोटे जुआरियों तक सीमित रही है? यदि बड़े स्तर पर जुआ संचालित होने की शिकायतें मिल रही हैं, तो इसकी निष्पक्ष जांच क्यों नहीं कराई जा रही?
पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग
क्षेत्र के जागरूक नागरिकों और ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक सक्ती से मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम नरियरा में संचालित जुआ फड़ की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा इसमें शामिल संचालकों और अन्य जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
अब देखना होगा कि सक्ती पुलिस इन शिकायतों पर क्या संज्ञान लेती है और नरियरा में संचालित जुए के बड़े फड़ की सच्चाई सामने लाने के लिए क्या कदम उठाती है।


