कोरबा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जिले में कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुड़ापार स्थित दीपक स्वीट्स एंड डेयरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में गंदगी एवं अस्वच्छ परिस्थितियों के बीच खाद्य पदार्थों का निर्माण किए जाने की बात सामने आई। साथ ही प्रतिष्ठान का वैध खाद्य पंजीयन नहीं होने की स्थिति भी पाई गई।
खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने और खाद्य पदार्थों के निर्माण स्थल पर स्वच्छता की कमी को गंभीरता से लेते हुए विभागीय टीम ने प्रतिष्ठान को सीलबंद कर दिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने यहां से पनीर और बूंदी के लड्डू के नमूने भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी।
खाद्य प्रतिष्ठानों पर बढ़ी निगरानी
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा त्योहारी सीजन को देखते हुए मिठाई, डेयरी एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री में स्वच्छता, गुणवत्ता और वैध खाद्य पंजीयन का पालन करना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसी अभियान के तहत पाली विकासखंड के नूनेरा स्थित पंजाब रंगीला ढाबा से भी चावल और आटे के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों ने साफ संकेत दिया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने अथवा स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

