कोरबा आयुक्त आशुतोष पांडेय ने आदेश जारी कर नगर निगम के सब इंजीनियर छबिलाल उरांव को जनप्रतिनिधियों से दुर्व्यवहार करने पर निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही कार्य में लापरवाही करने का आरोप है।
निगम के विद्युत विभाग में कार्यरत सब इंजीनियर छबिलाल उरांव से वार्ड के पार्षद ने विद्युत संबंधी शिकायत करने पर दुर्व्यवहार किया गया। शालीनता से परे होकर बात की गई। साथ ही शिकायत प्राप्त होने पर भी उसका निराकरण न कर अपने कार्य के प्रति उदासीनता बरती गई। इसकी शिकायत आयुक्त पांडेय को प्राप्त हुई।
उन्होंने सब इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी किया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं देने पर तत्काल प्रभाव से सब इंजीनियर उरांव को निलंबित कर दिया। आयुक्त ने निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को कड़ी हिदायत दी है कि जनप्रतिनिधियों, पार्षदों से शालीनता पूर्वक व्यवहार करें। उनकी बताई गई समस्याओं व शिकायतों का त्वरित निराकरण कराएं। आयुक्त नियमित वार्ड व बस्तियों का भ्रमण कर रहे हैं। इस दौरान भी दिन में स्ट्रीट लाइट जल रही थी। इसे भी निगम आयुक्त ने गंभीरता से लिया था। निगम आयुक्त ने कहा है कि कार्यों में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



