कोरबा
अवैध कब्जा हटाने की नोटिस के बाद इंदिरा नगर (फोकटपारा) बस्ती के लोगों ने 16 दिसंबर को शहर में चक्काजाम किया था। करीब 3 घंटे चले प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर ज्ञापन लेकर नाराज बस्तीवासियों को शांत कराया था।
17 दिसंबर को सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेल पथ कोरबा कार्यालय से फोकटपारा के लोगों को फिर से नोटिस थमा दी गई है। बुधवार को नोटिस में रेलवे प्रशासन ने सात दिन में अवैध कब्जा हटाने कहा है। इसके बाद रेल प्रशासन की ओर से अवैध कब्जा बलपूर्वक हटाया जाएगा। वहीं कब्जाधारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नोटिस के बाद बस्ती के लोगों में आशियाना के टूटने को लेकर दहशत का माहौल है।
इंदिरानगर फोकटपारा के 200 से अधिक मकानों पर रेलवे प्रशासन की ओर से क्रास का चिन्ह लगाकर अवैध होना चिन्हित किया गया है। दो माह पहले बस्ती के 90 लोगों को नोटिस देकर कब्जा हटाने कहा गया था। उस समय कब्जा हटाने के लिए कोई निर्धारित समय तय नहीं किया गया था। एक सप्ताह पहले रेलवे कर्मचारियों की ओर से पवन टॉकीज रेलवे क्रासिंग से दुरपा रोड होकर हसदेव नदी किनारे तक रेलवे की जमीन पर काबिज लोगों के मकानों को चिन्हित करना शुरू किया गया। इसके बाद बस्तीवालों ने एकजुट होकर विरोध करना शुरू किया।
15 दिसंबर को बस्ती के लोगों ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन मास्टर को ज्ञापन सौंपा। अगले दिन 16 दिसंबर को पवन टॉकीज रेलवे क्रासिंग के पास चक्काजाम किया। बस्ती के लोगों को उम्मीद थी कि प्रशासन उनकी मांग को गंभीरता से लेगा पर अगले ही दिन दूसरा नोटिस रेलवे ने थमा दिया है।
इंदिरा नगर फोकटपारा के बाद इमलीछापर कुसमुंडा में भी अवैध रूप से काबिज लोगों को रेलवे ने नोटिस थमाना शुरू कर दिया है। इतना ही नहीं मकानों के बाहर मार्किंग कर लोगों से खाली करने कहा जा रहा है। रेलवे की इस कार्रवाई से आक्रोशित इमलीछापर के लोगों ने इमलीछापर चौक पर बड़ी संख्या में पहुंचकर चक्काजाम किया। सूचना पर पहुंची कुसमुंडा पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। विरोध प्रदर्शन की सूचना के बाद मौके पर दर्री तहसीलदार पहुंचीं। उन्होंने रेलवे व जिला प्रशासन के साथ बैठकर हल निकालने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने प्रदर्शन बंद किया। प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पूर्व पार्षद अमरजीत सिंह, सर्वमंगला नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा, इमली छापर वार्ड पार्षद आरती लखन सिंह, विकास नगर पार्षद गीता गभेल, पूर्व पार्षद और वर्तमान कुसमुंडा कांग्रेस अध्यक्ष बसंत चंद्रा, कुसमुंडा थाना प्रभारी युवराज तिवारी सहित बड़ी संख्या में बस्ती के लोग मौजूद रहे।



