थाना कोतवाली क्षेत्र में होली पर्व को देखते हुए प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान योगिता बाली खापर्डे (CSP कोतवाली), आर के मरावी (तहसीलदार) एवं सृजल साहू (नायब तहसीलदार) संयुक्त रूप से होली सामग्री बेचने वाली दुकानों का निरीक्षण करने पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई दुकानों में प्रतिबंधित और आपत्तिजनक मुखौटे बिक्री के लिए रखे गए थे। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे मुखौटों की बिक्री न करें, क्योंकि इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
प्रशासनिक टीम ने मौके पर ही संबंधित दुकानों से बिक्री के लिए रखे गए मुखौटों को जब्त कर लिया। साथ ही दुकानदारों को भविष्य में नियमों का पालन करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए समझाइश दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि होली पर्व आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं।


























