कोरबा शहर में नहर पर बने लोहे के पुल को काटकर चोरी के मामले में कबाड़ चोरों के खिलाफ सरकारी संपत्ति नुकसान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में आगे जितने की क्षति पहुंची है, उसकी वसूली उनकी संपत्ति बेचकरकरेंगे।
सीएसईबी चौकी अंतर्गत रशियन हॉस्टल के पास नहर पर बने लोहे के पुल को पिछले माह कबाड़ चोर गिरेाह ने निशाना बनाया था। रात के अंधेरे में गैस कटर से काटकर लोहे के एंगल की चोरी कर ली थी। लोगों ने जब मौके से लोहे के पुल को लापता देखा, तब कबाड़ चोरोंे की करतूत का पता चला।
पुलिस ने अब तक असलम समेत 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य मुख्य आरोपी कबाड़ कारोबारी मुकेश साहू फरार है, उसपर पुलिस ने 5 हजार का इनाम घोषित कर रखा है। दूसरी ओर मामले में सरकारी विभाग के लोहे के पुल की चोरी की पुष्टि होने पर पुलिस ने पूर्व की धारा के अलावा सरकारी संपत्ति नुकसान अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। इसके तहत अब मामले के आरोपियों से सरकारी विभाग को हुए नुकसान के बराबर की वसूली (रिकवरी) उनकी चल-अचल संपत्ति की नीलामी करवाकर की जाएगी। पुलिस व प्रशासन की टीम मुख्य आरोपी मुकेश, असलम समेत अन्य आरोपियों की संपत्ति की जानकारी जुटा रही है।



















