जिला कोरबा में विभिन्न कोल कंपनियाँ, कोल वॉशरी, पावर प्लांट, एनटीपीसी, एसईसीएल एवं अन्य औद्योगिक इकाइयाँ संचालित हैं। इन उद्योगों के संचालन हेतु भारी वाहनों द्वारा कोयला एवं अन्य सामग्री का परिवहन निरंतर किया जा रहा है।
वर्तमान में ये भारी वाहन विजयनगर, कृष्णानगर, शक्तिनगर बेरियर से प्रवेश करते हुए पुनर्वास ग्राम भठोरा, गंगानगर एवं कुचेना जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजर रहे हैं। जबकि उक्त मार्ग मूलतः स्थानीय नागरिकों के आवागमन के लिए निर्मित है, न कि भारी वाहनों के नियमित परिवहन के लिए।
भारी वाहनों के आवागमन के कारण इन सड़कों पर अत्यधिक कोयला डस्ट, धूल एवं प्रदूषण फैल रहा है, जिससे आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही, सड़क पर पैदल चलना और सामान्य यातायात भी जोखिमपूर्ण होता जा रहा है। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो निकट भविष्य में इन मार्गों पर सुरक्षित एवं स्वच्छंद आवागमन अत्यंत कठिन हो जाएगा।
यह उल्लेखनीय है कि भारी वाहनों के परिवहन हेतु वैकल्पिक मार्ग पूर्व से उपलब्ध हैं, जिनका उपयोग किया जाना चाहिए। इस विषय में पूर्व में कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत प्रस्तुत की जा चुकी है, परंतु अब तक किसी ठोस कार्यवाही की जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।
अतः निवेदन है कि विजयनगर, कृष्णानगर, शक्तिनगर बेरियर से होकर पुनर्वास ग्राम भठोरा, गंगानगर एवं कुचेना मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश एवं परिचालन पर तत्काल प्रभाव से पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि आम नागरिकों को धूल, प्रदूषण एवं दुर्घटना की आशंका से राहत मिल सके। SN इंडिया न्यूज से जितेन्द्र दास महंत कि रिपोर्ट





















