कोरबा प्रेम विवाह करने वाले एक दंपती के बीच चरित्र पर शक को लेकर हुए विवाद ने मंगलवार को एक नया मोड़ ले लिया, जब पति ने एसपी ऑफिस के सामने सरेराह अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटा। यह घटना दोपहर के समय नगर निगम के साकेत भवन और एसपी ऑफिस के ठीक सामने मुख्य सड़क पर हुई।
बाइक पर जा रहा बालको कर्मी अचानक रुका और अपनी पत्नी को नीचे उतारकर उसके साथ बहस करने लगा। बहस इतनी बढ़ गई कि उसने पत्नी को मुक्कों से मारना शुरू कर दिया। जब वहां लोगों की भीड़ जुटने लगी तो पति बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। महिला ने बताया कि वह और उसका पति मध्यप्रदेश के रीवा के रहने वाले हैं और उन्होंने प्रेम विवाह किया था।
पति बालको प्लांट में काम करता है, जिसके कारण वे बालको नगर में रहते हैं। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति का दूसरी महिलाओं से भी संबंध है। जब उसने इसका विरोध किया तो पति ने उल्टा उसके चरित्र पर शक करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस घटना के बाद महिला सिविल लाइन थाने गई, लेकिन उसे वहां पति नहीं मिला। महिला ने यह भी बताया कि प्रेम विवाह के कारण वह अपने परिवार से भी अलग हो गई है और अब पति ने भी उसे धोखा दे दिया है। महिला ने अभी तक अपने पति के खिलाफ कोई पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

