कोरबा में एक युवक ने एक युवती को शादी का वादा कर 2 साल तक शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद उसने दूसरी लड़की से चोरी-छिपे शादी कर ली। युवती को जैसे ही युवक की शादी की जानकारी मिली तो उसने पुलिस थाने में शिकायत की।
पीड़ित युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी की शादी के 7 दिन बाद ही उसे गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला सीएसईबी पुलिस चौकी का है। जानकारी के अनुसार, आरोपी भोजराम पटेल जांजगीर-चांपा जिले के पोड़ी शंकर रीमाडीह का निवासी है।
पिता के दोस्त की बेटी से बढ़ी थी नजदीकियां
आरोपी भोजराज का लड़की के घर आना जाना था। दरअसल, लड़की के पिता और आरोपी के पिता दोनों दोस्त थे। इसी दौरान लड़के-लड़की की भी नजदीकियां बढ़ी। इस नजदीकी का फायदा उठाकर आरोपी ने युवती को शादी के झूठे वादों में फंसा लिया। लेकिन घर वालों को इसकी जानकारी नहीं दी।

शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए
इस बीच, आरोपी भोजराम ने 2022 से 2023 के बीच उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब शादी की बात आई तो आरोपी बहानेबाज़ी करने लगा। इसी बीच, उसने दूसरी लड़की से गुपचुप तरीके से शादी कर ली। इस शादी को हुए अभी एक सप्ताह ही बीता था कि पीड़ित युवती को इसकी जानकारी मिल गई।
पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज
युवती ने 16 मई 2025 को पुलिस थाने में भोजराज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। सीएसईबी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रमोद कुमार चंद्राकर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर तुरंत FIR दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इसके बाद थाना प्रभारी सिविल लाइन रामपुर और चौकी प्रभारी सीएसईबी ने आरोपी की तलाश की। उसे गृहग्राम से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी भोजराम के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (2) (n) के तहत मामला दर्ज किया है।