कोरबा | शहर में मंगलवार को 1 घंटे की बारिश से कई स्थानों पर सड़क जलमग्न हो गया। टीपी नगर मुख्य मार्ग पर अल्का काम्प्लेक्स के पास तो सड़क पर दो फीट तक पानी भर गया था। दुकानों में यहां हर साल बारिश का पानी घुसने की समस्या होती है। इसके लिए नाली का निर्माण चल रहा है, जो अधूरा है। इस वजह से पानी का भराव हो रहा है।
इसका असर नया बस स्टैंड तक होता है। बुधवारी बाजार के जैन चौक के पास सड़क किनारे पानी भरने की समस्या भी दूर नहीं हुई है। मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल के पास भी सड़क पर पानी भरने से लोग परेशान होते हैं। इसके बाद भी निगम प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। पानी निकासी की व्यवस्था हो जाए तो परेशानी नहीं होगी। लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं देते।