उरगा (कोरबा)। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत तिलकेजा में गुरुवार-शुक्रवार की देर रात उपद्रवियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान एक इक्को कार और दो मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, घटना के समय पूरा गांव गहरी नींद में था। अचानक उठी लपटों और धुएं को देखकर ग्रामीण मौके पर दौड़े और हादसे का मंजर देखा। वाहन मालिक नरेंद्र उरांव (हरवंश) ने बताया कि इस आगजनी से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने इसे गांव में दहशत फैलाने की सोची-समझी साजिश बताया।
तिलकेजा में हुई इस आगजनी की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। ग्रामीण अब भी सहमे हुए हैं और गांव की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित दिखाई दे रहे हैं।


