कोरबा नगर निगम क्षेत्र के कोसाबाड़ी चौक से रिस्दी मार्ग स्थित मेडिकल कॉलेज एवं पीजी कॉलेज के समीप बन रही नाली इन दिनों सवालों के घेरे में है। स्थानीय नागरिकों ने निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितता और गुणवत्ता से समझौते का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा तकनीकी मानकों की अनदेखी कर मनमानी ढंग से ढलाई की जा रही है, जबकि जिम्मेदार इंजीनियर और अधिकारी सब कुछ देखकर भी कार्रवाई नहीं कर रहे। मौके पर चल रहे कार्य में देखा गया कि नाली की ऊपरी सतह अपेक्षाकृत चौड़ी डाली जा रही है, जबकि निचला बेस पतला और कमजोर नजर आ रहा है। निर्माण नियमों के अनुसार नाली की ढलाई ऊपर और नीचे समान मोटाई और मजबूती के साथ की जानी चाहिए, ताकि संरचना टिकाऊ रहे। लेकिन यहां मानकों के विपरीत काम होता दिख रहा है, जिससे भविष्य में दरार, धंसान या टूट-फूट की आशंका बढ़ सकती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कमीशनखोरी के चलते निर्माण की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। यदि समय रहते तकनीकी जांच नहीं कराई गई तो यह नाली कुछ ही समय में क्षतिग्रस्त हो सकती है, जिससे जलभराव और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाएगा। यह मार्ग शैक्षणिक संस्थानों के पास स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और आम नागरिक आवागमन करते हैं। निगम आयुक्त और महापौर से मांग की जा रही है कि वे पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराएं और यदि अनियमितता सिद्ध हो तो संबंधित ठेकेदार, इंजीनियर और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करें, ताकि जनहित सुरक्षित रह सके और भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सके।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.





















