कोरबा नगरवासियों और अधिवक्ता समुदाय के लिए यह गर्व और खुशी का अवसर है कि शहर की प्रतिष्ठित अधिवक्ता श्रीमती राशि सचदेव को नगर निगम कोरबा का विधिक सलाहकार (Legal Advisor) नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति ने न केवल शहर की विधिक व्यवस्था को मजबूती देने का मार्ग प्रशस्त किया है, बल्कि युवाओं विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनाया है।
श्रीमती राशि सचदेव वर्षों से जिला एवं सत्र न्यायालय कोरबा में अपनी विधिक सेवाओं के लिए जानी जाती हैं। वे अपनी निष्पक्षता, विधिक विशेषज्ञता, समाजिक जागरूकता और नैतिक मूल्यों के लिए प्रसिद्ध हैं। जनहित के कई महत्वपूर्ण मामलों में उनके प्रभावशाली तर्क और पैरवी ने उन्हें आम जनमानस की सशक्त आवाज बना दिया है।
नगर निगम कोरबा जैसे महत्वपूर्ण और जिम्मेदार संस्थान में उनकी नियुक्ति से उम्मीद की जा रही है कि यह कदम प्रशासनिक पारदर्शिता, विधिक अनुशासन और न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा। नगर निगम की नीतियों, अनुबंधों, विवादों और प्रशासनिक निर्णयों में श्रीमती सचदेव की विशेषज्ञता से निगम को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
कोरबा नगर निगम, स्थानीय प्रशासन और शहरवासियों ने इस नियुक्ति का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया है। सभी ने श्रीमती राशि सचदेव को उनके उज्ज्वल भविष्य और इस नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।



















