कोरबा में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया। SP सिद्धार्थ तिवारी ने शहीद जवानों के नामों का वाचन किया, जिसके बाद पुलिस जवानों ने सलामी दी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, कोरबा नगर निगम महापौर संजू देवी राजपूत, जिला कलेक्टर अजीत बसंत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित शहीद जवानों के परिजनों ने अमर जवान स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर भी इस अवसर पर उपस्थित थे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को याद किया।
कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि पुलिस जवान आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, जिससे लोग शांति से रह पाते हैं। जिला कलेक्टर अजीत बसंत ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि कर्तव्य पर शहीद हुए पुलिसकर्मियों को हमेशा याद रखा जाएगा।
शहीद जवानों के परिजनों को किया गया सम्मानित
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पिछले एक वर्ष में देशभर में पुलिस विभाग और केंद्रीय सुरक्षा बलों के कई जवानों ने आतंकवाद विरोधी अभियानों और अन्य कर्तव्यों का पालन करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया है। उनका साहस और कर्तव्यनिष्ठा देश के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर शहीद जवानों के परिवारों को शॉल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने परिवारों से मिलकर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को जाना। जानकारी के अनुसार, पिछले एक वर्ष में जिले से 12 और देशभर से कुल 191 जवानों ने शहादत दी है।



















