कोरबा
पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक की चोटिया परियोजना में आंगनबाड़ी सहायिका के 76 पदों में की गई भर्ती में गड़बड़ी की जांच की जाएगी।
महिला व बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने 3 सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है। जांच कमेटी को तीन दिन के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने कहा है। चोटिया परियोजना में आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती में गड़बड़ी का मामला जनपद पंचायत की सामान्य सभा में उठा था। इसमें सदस्यों ने जांच की मांग की थी। इसके बाद जनपद अध्यक्ष माधुरी देवी ने कलेक्टर को पत्र लिखकर जांच की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि जानबूझकर एक साल बाद भी भर्ती प्रक्रिया को पूरी नहीं की। जनपद पंचायत में महिला व बाल विकास समिति गठित है। इसे भी नजरअंदाज किया गया।
अब जाकर चयन सूची को अनुमोदन के लिए कहा जा रहा है। परियोजना अधिकारी चयन प्रक्रिया के संबंध में कोई जानकारी भी नहीं दिए हैं। इसकी जांच कराई जाए तो बड़ी गड़बड़ी सामने आ सकती है। इसके बाद ही जांच टीम बनाई गई है। इसमें जिला महिला व बाल विकास अधिकारी गजेंद्र सिंह देव, परियोजना अधिकारी बरपाली कीर्ति कुरियन जैन और सहायक ग्रेड दो लक्ष्मीकांत यादव है।

