कोरबा। कोरबा जिले के ग्राम रूमगरा में तीन साल पहले हुई दिल दहला देने वाली हत्या के मामले में अदालत ने आरोपी पति को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। आरोपी ने घरेलू विवाद के चलते पत्नी की हत्या कर शव को घर के सेप्टिक टैंक में छिपा दिया था।
मामला बालको थाना क्षेत्र का है। विशेष लोक अभियोजक सुनील सोनवानी ने जानकारी दी कि ग्राम रूमगरा निवासी रवेंद्र कुमार राजपूत (37 वर्ष) अपनी पत्नी बुधवारा बाई के साथ रहता था। 18 जुलाई 2022 की रात बुधवारा रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। इसकी जानकारी मृतका की मां मिलन बाई ने अपने पुत्र राजू राजपूत को दी। अगले दिन सुबह जब राजू बहन के घर पहुंचा तो सेप्टिक टैंक के ऊपर रखी लकड़ियों पर उसे संदेह हुआ। लकड़ी हटाने पर टैंक के अंदर से बुधवारा की लाश बरामद हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने रवेंद्र से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। जांच में सामने आया कि पत्नी अपनी मां को साथ रखना चाहती थी, लेकिन पति रवेंद्र इसका विरोध करता था। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ और गुस्से में रवेंद्र ने तेंदू की लाठी से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को छिपाकर खुद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की सुनवाई प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश संतोष कुमार आदित्य के न्यायालय में हुई। अभियोजन पक्ष ने 17 साक्षियों को पेश किया। तत्कालीन थाना प्रभारी विजय चेलक की विवेचना और कोर्ट मोहर्रिर नितेश मिश्रा के प्रयासों से आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छुपाने का अपराध सिद्ध हो गया।


