कोरबा/कटघोरा, 26 अगस्त 2025। कटघोरा थाना परिसर में सोमवार को थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने जेल से रिहा हुए बंदियों, गुंडा तत्वों और निगरानी बदमाशों की परेड करवाई। इस दौरान थाना प्रभारी ने सभी को कड़ी चेतावनी देते हुए साफ कहा कि यदि वे दोबारा अपराध की राह पर लौटे तो उनके खिलाफ कठोर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने कहा कि समाज में अमन-चैन बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अपराधियों को भी यह समझना होगा कि कानून से खिलवाड़ की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बदमाशों को समझाइश दी कि अपराध छोड़कर मुख्यधारा में लौटें और सम्मानजनक जीवन जिएं।
उन्होंने कहा— “अपराध की राह भले ही तात्कालिक लाभ दे, लेकिन अंत में उसका परिणाम केवल बर्बादी ही होता है। इसलिए अपने परिवार, बच्चों और समाज के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक दिशा में कदम बढ़ाना जरूरी है।”
पुलिस अधिकारियों की सख्त नसीहत
परेड के दौरान अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी बंदियों और निगरानी बदमाशों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि वे दोबारा किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल पाए गए तो तुरंत जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिए जाएंगे।
कटघोरा पुलिस की यह कार्रवाई न केवल अपराधियों के लिए चेतावनी का संदेश है, बल्कि समाज को यह भरोसा दिलाने का भी प्रयास है कि पुलिस अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह सख्त और सतर्क है।


