कोरबा नगर निगम की लगातार कार्रवाई के बाद भी फुटपाथ और चौक-चौराहे अतिक्रमण मुक्त नहीं हो पा रहे हैं। बुधवारी, महाराणा प्रताप चौक, घंटाघर और निहारिका मार्ग पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सोमवार को आईटीआई से बालको मार्ग किनारे से मछली मार्केट को हटाया गया। विक्रेताओं को बुधवारी बाजार में निर्धारित स्थान पर दुकान लगाने कहा है। शहर में फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त करने करीब एक महीने से अभियान चल रहा है। बुधवारी बाजार में फुटपाथ को बचाने रेलिंग लगाने के साथ ही मार्किंग भी की गई है। इसी तरह महाराणा प्रताप चौक पर सड़क किनारे कपड़े की दुकानों को हटा दिया था।
यहां पर फिर से कब्जा हो गया है। इसी तरह घंटाघर चौक के फुटपाथ को भी खाली कराया था। यहां पर लोग सड़क पर वाहन पार्किंग कर खरीदारी करते हैं। इस वजह से सड़क संकरी हो जाती है। चौराहा होने के कारण 24 घंटे वाहनों का दबाव रहता है। इसकी वजह से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। रोज बाइक सवार वाहनों से टकराते हुए बचते हैं।
कब्जा के पीछे एक बड़ा कारण जनप्रतिनिधियों के संरक्षण को माना जा रहा है। इसी वजह से ठोस कार्रवाई नहीं हो पाती है। अभी भी लोग दुकान के बाहर सामान निकाल लेते हैं। इसके कारण पार्किंग के लिए जगह नहीं बचती है, जहां भी खाली जगह दिख रही है, वहां पर नई गुमटियां भी लग रही है। इसे व्यवस्थित किए बिना शहर के सौंदर्यीकरण को नहीं बचाया जा सकता। अतिक्रमण हटाने लगातार कार्रवाई जारी: विनय मिश्रा निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा का कहना है कि शहर में अतिक्रमण हटाने लगातार कार्रवाई जारी है। नोटिस भी जारी कर रहे हैं। लोगों को परेशानी ना हो, इसका प्रयास किया जा रहा है।

