कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बालको थाना क्षेत्र में करैत सांप के डसने से एक ही परिवार के तीन सदस्य इसकी चपेट में आ गए। हादसे में पिता और बेटे की मौत हो गई, जबकि मां की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों का आरोप है कि समय पर इलाज और एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध न होने के कारण यह हादसा बड़ा रूप ले लिया।
जानकारी के अनुसार, चूड़ामणि भारद्वाज (52) बालको प्लांट में कार्यरत थे। वे पत्नी रजनी (41) और 10 वर्षीय बेटे प्रिंस के साथ दर्री थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में रहते थे। शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे चूड़ामणि को सांप ने डस लिया। कीड़ा समझकर उन्होंने ध्यान नहीं दिया और फिर से सो गए। कुछ देर बाद सांप ने उनके बेटे प्रिंस को डस लिया। बच्चे की चीख सुनकर मां रजनी भी उठीं, तभी कम्बल में छिपे सांप ने उन्हें भी डस लिया।
इलाज में लापरवाही का आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घायलों को गोपालपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। मृतक के भाई द्वारिका ने आरोप लगाया कि वहां आधे घंटे तक आवाज देने के बाद ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ बाहर आई और एंटी-स्नेक वेनम न होने की बात कहकर इलाज से इनकार कर दिया। इसके बाद घायलों को ऑटो से जिला मेडिकल अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक पिता और बेटे ने दम तोड़ दिया।

