कुसमुंडा
कमरे में सो रहे ठेका कर्मी ने देर रात फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। कुसमुंडा पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है। घटना कुसमुंडा थाना अंतर्गत विकासनगर कॉलोनी के पीछे बस्ती में हुई।
जहां निवासरत 26 वर्षीय मिथलेश शाह एसईसीएल कुसमुंडा में नियोजित एक ठेका कंपनी में कार्यरत था। जो शनिवार की शाम को ड्यूटी करके वापस घर लौटा था। रात में खाना खाने के बाद वह कमरे में सोने चला गया था। रविवार की सुबह 6 बजे तक मिथलेश ड्यूटी जाने के लिए कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजन ने आवाज लगाई।
देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर अंदर झांककर देखा गया तो फांसी के फंदे पर उसकी लाश लटकते नजर आई। परिजन खिड़की तोड़कर अंदर कमरे में पहुंचे। जहां फंदे से उतारकर उसे बचाने की कोशिश की गई लेकिन उसकी सांस थम चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। कुसमुंडा थाना से प्रधान आरक्षक शिव कुमार डहरिया और आरक्षक लेखराम धिरहे मौके पर पहुंचे।
वैधानिक कार्रवाई करते हुए लाश को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजन के मुताबिक मिथलेश अविवाहित और परिवार में अकेला कमाने वाला था। माता-पिता के साथ ही उसपर छोटे भाई-बहन की जिम्मेदारी थी। ऐसे में उसने खुदकुशी किसलिए की परिजनों ने भी अनभिज्ञता जताई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो वहां सुसाइड नोट भी नहीं मिला। ऐसे में कारण का पता लगाने के लिए पुलिस ने मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया है।

