👉🏻 देर रात जश्न रिसोर्ट में तोड़फोड़, सपना और टीम थे दहशत के साए में
👉🏻 सपना ने खुद दर्ज कराई शिकायत, अमित,अनिल,युगल और सुजल की नामजद शिकायत
👉🏻कोतवाली में काउंटर केस दर्ज
👉🏻कार्यक्रम की अनुमति नहीं देने के आग्रह के बाद भी मिली थी अनुमति
कोरबा। हरियाणा की मशहूर डांसर सपना चौधरी का यह पहला कोरबा आगमन उनके लिए बेहद खतरनाक साबित हुआ। कार्यक्रम के दौरान हुई अव्यवस्थाओं और बदतमीजी के कारण सपना चौधरी और उनकी टीम को पुलिस सुरक्षा में ही सुरक्षित निकलना पड़ा।
सपना चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम के बाद जब वह अपने कमरे में सो रही थीं, तो चार अज्ञात लोगों ने उनके कमरे का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान गाली-गलौज और गोली मारने की धमकी दी गई। उनके अनुसार टीम के साथ झगड़ा और मारपीट भी की गई और भीड़ को उकसाया गया। अगर जश्न रिसोर्ट के मालिक करणदीप और पुलिस टीम समय पर मदद न पहुंचाती, तो उनकी और उनकी टीम की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
मारपीट और लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज
इस मामले में जश्न रिसोर्ट के मालिक करणदीप ने चारों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि इन लोगों ने कार्यक्रम के लिए अधिक पैसा मांगा, गाली-गलौज और मारपीट की। विरोध करने पर रिसोर्ट में तोड़फोड़ की, सीसीटीवी कैमरा का DVR अपने साथ ले गए और ₹10,000 नगद लूट लिए। कुल नुकसान लगभग ₹7 लाख बताया जा रहा है। करणदीप ने अपने भाई और स्टाफ के साथ हुई मारपीट की भी शिकायत दर्ज कराई है।
कार्यक्रम केवल एक घंटे चला
लगभग ढाई घंटे के कार्यक्रम को बमुश्किल एक घंटे में ही समाप्त करना पड़ा। कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर पैसे फेंकने और भीड़ की हुल्लड़बाजी के कारण सपना चौधरी ने केवल तीन-चार गानों पर प्रदर्शन दिया।
थाना तक पहुंचा मामला
हंगामे के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई गई। सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि जश्न रिसोर्ट में हुए घटनाक्रम को लेकर काउंटर केस दर्ज किया गया है और विस्तृत जानकारी बाद में दी जाएगी।
ऊर्जावान नगरी में अव्यवस्था
ऊर्जावान लोगों की नगरी कोरबा में हुए इस इवेंट में आसपास के क्षेत्रों बिलासपुर और जांजगीर-चाम्पा से भी लोग शामिल हुए। हालांकि कार्यक्रम VIP था, लेकिन अव्यवस्थाओं और दबावपूर्ण व्यवहार के कारण सपना चौधरी का कार्यक्रम पूरी तरह प्रभावित हुआ।


