कोरबा, 16 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉरपोरेशन (सीजीएमएससी) ने कोरबा के सरकारी अस्पतालों में बच्चों को बुखार के लिए दी जाने वाली 9 एम इंडिया लिमिटेड की पैरासिटामोल पीडियाट्रिक्स सस्पेंशन (125 एमजी/5 एमएल, बैच नंबर एल-23150) के वितरण पर तत्काल रोक लगा दी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अस्पतालों में उपलब्ध इस बैच की दवा कोरबा के ड्रग हाउस में जमा कराई जाए। सर्कुलर के अनुसार दवा के उपयोग के दौरान गुणवत्ता को लेकर प्राथमिक शिकायतें मिली हैं।
यह कदम मध्यप्रदेश और राजस्थान में खांसी की जहरीली सिरप से बच्चों की मौत के बाद उठाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने पहले ही दो साल से कम उम्र के बच्चों को बिना डॉक्टरी पर्ची सर्दी-खांसी की दवाओं की बिक्री पर रोक लगा रखी है।


