कोरबा, 17 अक्टूबर 2025। अनुविभागीय अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, कोरबा ने बताया कि मेजर ध्यानचंद चौक से बालको होते हुए रिस्दी चौक तक 9 किलोमीटर लंबा मार्ग का निर्माण कार्य जल्द ही आरंभ होगा। यह मार्ग बजट वर्ष 2024-25 और 2025-26 में शामिल किया गया था।
मार्ग के ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक तक की प्रशासकीय स्वीकृति 17 मई 2025 और तकनीकी स्वीकृति 09 सितंबर 2025 को प्राप्त हुई थी। छत्तीसगढ़ शासन ने 06 जून 2025 को मार्ग में कार्य संपन्न कराने की अनुमति भी दी थी। वर्तमान में निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया चल रही है, और निविदा उपरांत कार्यादेश मिलने पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
अनुविभागीय अधिकारी ने बताया कि रिस्दी चौक में जलजमाव और पानी निकासी की समस्या के समाधान हेतु प्राक्कलन में आवश्यक प्रावधान किए गए हैं। स्वीकृत योजना में स्ट्रीट लाइट और जंक्शन सुधार का भी प्रावधान किया गया है।
बालको प्लांट से भारी वाहनों के आवागमन के कारण मार्ग क्षतिग्रस्त हो रहा था। नवीन स्वीकृत योजना के अनुसार, मेजर ध्यानचंद चौक से रिस्दी चौक तक दो लेन का सी.सी. मार्ग बन जाने से यातायात सुगम होगा और जल निकासी की समस्या का भी समाधान होगा।
इसी बीच, बालको प्रबंधन ने 10 अक्टूबर 2025 से मार्ग में मरम्मत कार्य भी शुरू कर दिया है, ताकि निर्माण कार्य आरंभ होने से पहले मार्ग की स्थिति बेहतर बनी रहे।


