कोरबा-बालको। कोरबा जिले के बालको थाना से लगे परसाभाटा बस्ती में अवैध नशा और नशेड़ियों की समस्या बढ़ती ही जा रही है। इस पर अंकुश लगाने के लिए महिला कमांडो कोशिश कर रही है लेकिन उसे भी आए दिन गाली-गलौज और पत्थरबाजी का सामना करना पड़ रहा है। कमांडो ने रात में थाना पहुंचकर मदद की गुहार पुलिस से लगाई है।
रात के वक्त बालको थाना पहुंची महिला कमांडो ने पुलिस को बताया कि परसाभाठा में उषा यादव और उसका पूरा परिवार, लाला कुर्रे व तीन-चार और लोग नशा का सामान बेचते हैं। अवैध दारू और गांजा का नशा ज्यादातर बेचा जाता है। छोटे-छोटे बच्चे और किशोर नशा के आदी हो रहे हैं। कम उम्र के लोगों को नशा बेचा जा रहा है जिससे उनके माता-पिता चिंतित हैं। नशेड़ी किस्म के लोग नशा मंगाने के लिए कई बार बच्चों का उपयोग करते हैं और नशा बेचने वाले इन बच्चों के हाथों में नशा थमा देते हैं।
👉🏻 महिलाओं ने बीड़ा उठाया

मोहल्ले में बढ़ते नशा और बिगड़ते पुरुषों व बच्चों की हालत देख जब बात बर्दाश्त से बाहर होने लगी तो 50-60 महिलाओं ने मिलकर महिला कमांडो तैयार किया है। यह सभी महिलाएं रात के वक्त पूरे मोहल्ले में गश्त लगाती हैं। रात के अंधेरे में जो लोग नशा खरीदने के लिए जाते हैं या नशा करते मिलते हैं, उनकी खबर ली जाती है और समझाते हैं किंतु ऐसे लोगों के पक्ष में नशा बेचने वाले लोग आ जाते हैं और महिला कमांडो के सदस्यों को धमकाते हैं, गाली-गलौज करते हैं। यहां तक कि उन पर पत्थर भी फेंकते हैं। महिला कमांडो नशा बेचने वालों से परेशान हैं। घर बर्बाद हो रहे हैं, बच्चे नशा के आदी हो रहे हैं।
👉🏻 3 माह पहले की गई शिकायत,कुछ खास लाभ नहीं



















