कोरबा। धार्मिक आस्था और संस्कृति का संगम एक बार फिर माँ सर्वमंगला घाट पर देखने को मिलेगा। नमामि हसदेव समिति को प्रशासन से आयोजन की अनुमति मिल गई है, जिसके बाद समिति ने 5 नवंबर 2025 को भव्य महाआरती का कार्यक्रम तय किया है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष महाआरती को और अधिक आकर्षक व भव्य रूप दिया जाएगा। घाट परिसर को दीपों, फूलों और रंगीन रोशनियों से सजाया जाएगा। हसदेव नदी के तट पर सैकड़ों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम के दौरान माँ सर्वमंगला की आरती के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। स्थानीय कलाकारों और भजन मंडलियों को इसमें शामिल किया गया है।
प्रशासन ने सुरक्षा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। वहीं समिति के सदस्य पर्यावरण संरक्षण और नदी स्वच्छता का संदेश भी इस आयोजन के माध्यम से देने की तैयारी में हैं।
नमामि हसदेव समिति का कहना है कि महाआरती का उद्देश्य न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करना है, बल्कि लोगों को नदी की स्वच्छता और संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है


