रायगढ़ जिले से पुलिस की वर्दी पर हाथ डालने का मामला सामने आया है। एक वायरल वीडियो में कुछ सब्जी व्यापारी वर्दीधारी आरक्षक से न केवल बहस करते दिख रहे हैं, बल्कि इस दौरान एक व्यापारी ने पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की भी कर दी। वारदात रायगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के मुताबिक आरक्षक का नाम लव कुमार साय है, जो घरघोड़ा थाना में पदस्थ है। शुक्रवार को रायगढ़ आया था। मीटिंग खत्म होने के बाद वह संजय कॉम्प्लेक्स में मंडी से सब्जी खरीद रहा था, तभी वहां मौजूद कुछ महिला और पुरुष व्यापारियों से विवाद हो गया।
इस बीच एक व्यापारी ने हद पार करते हुए पुलिसकर्मी की वर्दी का कॉलर पकड़ लिया। मामला तूल पकड़ने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जांच के बाद आरोपी की पहचान बबलू पटेल के रूप में हुई, जिसके खिलाफ पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, सब्जी मंडी में पुलिसकर्मी ने 50 रुपए की सब्जी खरीदी थी। महिला सब्जी विक्रेता को पैसे दिए, लेकिन महिला ने रुपए मिलने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर पुलिसकर्मी और महिला सब्जी विक्रेता के बीच बहस शुरू हो गई।
इसी दौरान बबलू पटेल मौके पर पहुंचा और विवाद और बढ़ गया। बबलू ने पुलिसकर्मी से झूमाझटकी की और उसकी वर्दी का कॉलर पकड़ लिया। इसके बाद पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिस पर अब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

अपराध दर्ज कर जांच कर रहे इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम ने जानकारी दी कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने सब्जी व्यापारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी


