बिलासपुर/कोरबा। बिलासपुर रेंज के हिर्री थाना क्षेत्र की यातायात पुलिस पर एक बार फिर गलत चालान काटने का आरोप लगा है। कोरबा जिले की रहने वाली श्रीमती श्रद्धा साहू ने अपने पिता के स्कूटी वाहन CG-12-BJ-1935 पर बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस द्वारा गलत तरीके से ₹2000 का चालान थोपे जाने की शिकायत पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज को भेजी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, दिनांक 20 जून 2025 को उनके पिता के मोबाइल पर ₹2000 का चालान मैसेज प्राप्त हुआ, जबकि उस दिन स्कूटी बिलासपुर में नहीं, बल्कि कोरबा में उनके उपयोग में थी। ऑनलाइन चालान देखने पर पाया गया कि स्कूटी नंबर पर किसी कार की तस्वीर लगाकर चालान जारी कर दिया गया है, जो कि स्पष्ट रूप से तकनीकी त्रुटि या लापरवाही को दर्शाता है।
श्रद्धा साहू ने बताया कि उन्होंने कोरबा यातायात थाना और बिलासपुर यातायात पुलिस से कई बार संपर्क किया, जहाँ उन्हें आश्वासन तो मिला, लेकिन आज तक चालान में कोई सुधार नहीं किया गया। निरंतर चक्कर लगाने और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के बाद भी मामला पेंडिंग ही है।
शिकायतकर्ता ने कहा कि यदि समय पर चालान निरस्त नहीं किया गया तो भविष्य में उन्हें गलत आधार पर दोगुना जुर्माना भरने की नौबत आ सकती है, जिसकी ज़िम्मेदारी संबंधित पुलिस विभाग की होगी।
उक्त मामले को लेकर श्रद्धा साहू ने पहले पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को शिकायत दी थी, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई न होने पर उन्होंने अब पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज एवं प्रतिलिपि पुलिस महानिदेशक रायपुर तथा मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ को भेजकर न्याय की मांग की है। जितेंद्र दास कि रिपोर्ट




















