कोरबा। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भैसमा के पहरी पारा में शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच आबकारी विभाग के कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई। सूचना मिलने पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए घटनास्थल को सुरक्षित किया।
इस घटनाक्रम के दौरान गांव के ही एक व्यक्ति नंदलाल नागशिया की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, जब उनके भतीजे के साथ मारपीट की जा रही थी, उसी दौरान नंदलाल नागशिया अत्यधिक मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में आ गए। बाद में रात लगभग 8:30 बजे उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद ग्राम भैसमा के पहरी पारा के ग्रामीणों और महिलाओं ने बड़ी संख्या में उरगा थाना पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने आबकारी विभाग के साथ काम करने वाले प्रमोद देवांगन और मनोज देवांगन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि ये दोनों खुद को एसपी बताकर अवैध रूप से महुआ शराब बनाने का आरोप लगाते हुए हर महीने वसूली करने आते थे। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि शराब नहीं मिलने की स्थिति में उनके साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया जाता था।
ग्रामीणों ने थाना पहुंचकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की, जिस पर पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। SN इंडिया न्यूज से जितेन्द्र दास महंत कि रिपोर्ट


