(कोरबा) ग्राम पंचायत उतरदा में हरदी बाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना के नेतृत्व में नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में ग्राम की महिलाओं की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली, जिन्होंने बढ़-चढ़कर अभियान में हिस्सा लिया।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा युवाओं के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। नशे की लत न केवल व्यक्ति के भविष्य को अंधकारमय बनाती है, बल्कि समाज के वातावरण को भी प्रदूषित करती है। इससे पारिवारिक कलह बढ़ती है और सामाजिक व्यवस्था व शांति भंग होती है।
उन्होंने कहा कि नशा अपराधों को जन्म देता है और युवाओं को गलत रास्ते पर ले जाता है, इसलिए इससे दूर रहना और दूसरों को भी जागरूक करना आवश्यक है। महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि परिवार और समाज में महिलाओं का प्रभाव महत्वपूर्ण होता है। यदि महिलाएं जागरूक होंगी, तो आने वाली पीढ़ी स्वतः नशे से दूर रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने नशा मुक्ति के समर्थन में अपने विचार रखे और गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि हरदी बाजार पुलिस द्वारा नशा मुक्ति अभियान लगातार चलाया जा रहा है, जिसके तहत गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।