जैजैपुर। क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू एवं सह-आरोपी गौतम राठौर को धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले में पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। दोनों आरोपियों पर प्रार्थी से 42 लाख 78 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप सिद्ध पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले में अपराध क्रमांक 450/2025 दर्ज किया गया है, जिसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों द्वारा फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से आर्थिक लाभ उठाने की शिकायत सामने आई थी, जिसकी जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।
मामले की सुनवाई के दौरान आरोपियों द्वारा दायर जमानत आवेदन न्यायालय ने खारिज कर दिया। इसके पश्चात पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य संबंधित व्यक्तियों से भी पूछताछ की जा सकती है।
जितेन्द्र महंत कि रिपोर्ट



















