रामचन्द्रपुर
बलरामपुर जिले में अवैध धान परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने पचावल त्रिशुली क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी धनंजय गुप्ता (22 वर्ष), निवासी सोनभद्र को गिरफ्तार किया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। यह कार्रवाई राजस्व विभाग की टीम ने 15 जनवरी को सूचना मिलने के बाद अंजाम दी।
राजस्व टीम को अवैध धान परिवहन की सूचना मिली थी। टीम पचावल से त्रिशुली की ओर रवाना हुई और रास्ते में सनावल से आ रहे एक बोलेरो और पिकअप को रोकने का प्रयास किया। वाहन चालक तेज रफ्तार से भागने लगे और पांगन नदी के पास दोनों वाहन फंस गए। मौके का फायदा उठाकर पिकअप चालक फरार हो गया, जबकि बोलेरो चालक धनंजय गुप्ता को पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में वाहनों में लदे सामान के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी और राजस्व टीम से वाद-विवाद व धमकियां देने लगा।
जांच में पता चला कि धनंजय गुप्ता अवैध धान परिवहन के मामलों में पहले से ही मोस्ट वांटेड आरोपी था। राजस्व टीम ने गवाहों की मौजूदगी में उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत विधिवत गिरफ्तार किया। परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है। साथ ही पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 64 बीटी 1628 और बोलेरो क्रमांक सीजी 14 सी 0288 को जब्त कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। आरोपी।

