(रायगढ़)वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के स्पष्ट दिशा-निर्देशन में रायगढ़ जिले में अनैतिक एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कठोर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चक्रधरनगर क्षेत्र में हुई कार्रवाई के 24 घंटे के भीतर कोतवाली पुलिस ने शिवा नगर क्षेत्र में देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 फरवरी की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एसबीआई मेन ब्रांच के सामने रोड किनारे अनिल कुमार नंदे के मकान में राहुल कुमार यादव एवं उसकी एक महिला सहयोगी द्वारा बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में तत्काल रेड की योजना बनाई गई। पीटा एक्ट की प्रक्रिया के तहत एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा गया। संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दी।


मौके से आरोपी राहुल कुमार यादव, उसकी महिला सहयोगी तथा दो महिलाएं मिलीं। तलाशी में नकद 2000 रुपये, दो मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने अवैध गतिविधि में संलिप्तता स्वीकार की।
थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत धारा 3, 4, 5 अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम में प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ जिले में किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।




















