दीपका (कोरबा)। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नशे के काले कारोबार के खिलाफ दीपका पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी घेराबंदी करते हुए ‘अवैध शराब माफियाओं’ की कमर तोड़ दी है। पुलिस की टीम ने एक साथ पाँच अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में महुआ शराब जब्त की है। इस कार्रवाई से इलाके के शराब कोचियों में हड़कंप मच गया है।

आधी रात की प्लानिंग, तड़के सुबह रेड
मुखबिरों के पुख्ता जाल और सटीक सूचना के आधार पर थाना दीपका पुलिस ने लोटानपारा, केराकछार, धुरेना और सिरकीखुर्द जैसे इलाकों को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस ने जब रेड मारी तो आरोपियों को भागने तक का मौका नहीं मिला। इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कुल 100 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है, जिसे अवैध रूप से खपाने की तैयारी थी।
पुलिस की गिरफ्त में ये ‘नशे के सौदागर’
दीपका पुलिस ने इस धंधे में शामिल चार मुख्य आरोपियों को रंगे हाथों दबोचा है, जिन्हें अब सलाखों के पीछे भेज दिया गया है:
सूरज धनुहार (19 वर्ष): लोटानपारा केराकछार।
विक्रम धनुहार (27 वर्ष): धुरेना।
प्रीति मारकाम (25 वर्ष): सिरकीखुर्द।
अंताबाई धनुहार: धुरेना।
कठोर कार्रवाई से थर्राए कोचिए
दीपका पुलिस की इस ताबड़तोड़ रेड ने यह साफ कर दिया है कि क्षेत्र में अवैध नशा परोसने वालों की अब खैर नहीं है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
थाना दीपका पुलिस का संदेश: “असामाजिक तत्वों और अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ हमारी यह जंग जारी रहेगी। नशे का व्यापार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”




















