कोरबा के रामपुर स्थित कंपोजिट शराब दुकान के 6 कर्मचारियों पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई की है। इन कर्मचारियों को शराब में मिलावट के आरोप में दुकान से हटा दिया गया है।
जिन कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई है, उनमें सुपरवाइजर विकास साहू, सूरज, लोकनाथ और सुजल शामिल हैं। इनके अलावा दो अन्य कर्मचारियों को भी हटाया गया है। जानकारी के अनुसार, इन पर शराब में मिलावट कर बेचने का आरोप था। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
यह जानकारी होली से पहले शराब में मिलावट कर बेचे जाने के संदर्भ में सामने आई है। ये सभी कर्मचारी ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के हैं, जो जिले की सभी शराब दुकानों में कर्मचारियों की तैनाती करती है। कंपनी पर शराब दुकानों में नौकरी दिलाने के नाम पर पैसों के लेनदेन के आरोप भी पहले सामने आ चुके हैं।

इस कार्रवाई के संबंध में जिला आबकारी प्रभारी राकेश राठौर से संपर्क करने पर उन्होंने मीटिंग के बाद बात करने को कहा, लेकिन दोबारा संपर्क नहीं हो पाया। ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रभारी शिव नायक से भी जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
यह कार्रवाई आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन के हालिया निर्देशों के बाद हुई है। उन्होंने कुछ दिनों पहले आबकारी विभाग के अधिकारियों की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी या निजी कंपनियों द्वारा अनियमितता या लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाए। मंत्री ने मिलावटी शराब, अवैध बिक्री, शराब तस्करी और महुआ शराब पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।





















