रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ मर्यादित रायपुर के अध्यक्ष भोजराम देवांगन ने पदभार ग्रहण करने के बाद 13 मार्च 2026 को पहली बार मुख्यमंत्री से उनके कार्यालय में सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने विभागीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी और हथकरघा क्षेत्र के विकास को लेकर विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की।
बैठक के दौरान अध्यक्ष देवांगन ने संघ को आवंटित भूमि पर भवन और गोदाम निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को तत्काल स्वीकृति प्रदान कर दी।
स्वीकृति मिलने के बाद अब संघ को अपना स्वयं का भवन और गोदाम मिल सकेगा। इससे वर्तमान में किराये के रूप में खर्च हो रहे लाखों रुपये की बचत होगी। बचाई गई राशि का उपयोग बुनकरों के उत्थान और हथकरघा उद्योग के विकास में किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हथकरघा क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।





















