छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर नगर निगम के रेवेन्यू इंस्पेक्टर (RI) हबीब खान से 45 लाख की ठगी हुई है। गुजरात की 1 महिला पिछले 7 सालों से उनके घर देशी घी बेचने आती थी। जिससे RI उन पर भरोसा करने लगे थे। इसी बात का फायदा उठाकर ठग महिला ने नकली सोने के बिस्किट देकर 20 तोला असली सोने के जेवर और 15 लाख कैश ले लिए।
मामला सरगुजा थाना क्षेत्र का है। ठग ने घर में अपनी बेटी की शादी होने का झांसा दिया था। इसी झांसे में अफसर आ गए और उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए बनाए गहनों को महिला को दे दिया। शिकायत के बाद महिला और उसके 3 अन्य साथियों को पुलिस ने पकड़ा है।
पहले देखिए ये 3 तस्वीरें…



घी बेचने वाली महिला ने कैसे 45 लाख ठगे..पढ़िए पूरी कहानी
जिस शख्स से ठगी हुई वह अंबिकापुर नगर निगम में RI (रेवेन्यू इंस्पेक्टर) पद पर है। मंजू राठौर नाम की महिला उनके घर 6-7 सालों से देशी घी बेचने आया करती थी। वह खुद को राजस्थान के किशनगढ़ की रहने वाली बताती थी। लेकिन वास्तव में वह गुजरात की थी।
होली से पहले मंजू 50 तोला नकली सोने का बिस्किट लेकर अफसर के घर गई और बोली कि उसके घर शादी है, इसलिए बिस्किट के गहने बनवा दीजिए। कई सालों से घर आने के कारण अफसर का उसपर पूरा भरोसा था।
सोने का बिस्किट देकर लिए जेवर और कैश
अफसर ने मंजू से कहा था कि वे होली के बाद गहना बनाने के लिए देंगे। मंजू 7 मार्च को फिर अपने दो अन्य साथियों के साथ अफसर के घर पहुंची। उसे जानकारी थी कि अफसर ने अपनी बेटी की शादी के लिए पहले ही गहने बनवा लिए हैं।
मंजू ने साथ लाए सोने के बिस्किट को अफसर को देकर कहा कि आपके घर शादी में देर है। मेरे यहां तत्काल शादी है। आप अपनी बेटी के लिए बनवाए गए गहने और 15 लाख रुपए दे दीजिए। नकली सोने के बिस्किट का वजन 500 ग्राम (50 तोला) था।
अफसर ने नकली सोने का बिस्किट रख लिया और अपनी बेटी की शादी के लिए बनवाए गए असली गहने कान के टॉप्स, कंगन, हार, अंगूठी कुल वजन लगभग 200 ग्राम (20 तोला) अपने पास बेटी की शादी के लिए रखा 15 लाख रुपए नगद दे दिया। मंजू और उसके साथी जेवर के साथ नगदी लेकर चले गए।
जांच में नकली निकला बिस्किट तो दर्ज कराई FIR
महिला और उसके साथियों के जाने के कुछ देर बाद ही अफसर को शक हुआ। जिसके बाद वह पास के ही सोनार दुकान में सोने के बिस्किट की जांच कराने पहुंचे।
जांच में सोना नकली निकला। इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट पर पुलिस ने इस मामले में धारा 318(4), 61(2), 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज किया।
गुजरात और यूपी से पकड़ाए ठग
अंबिकापुर के सीएसपी राहुल बंसल ने बताया कि, पुलिस ने मौके पर लगे CCTV फुटेज की जांच की और तकनीकी मदद भी ली। आरोपियों की पहचान होने के बाद पुलिस टीम गुजरात पहुंची।
पुलिस ने राजकोट से आरोपी मंजू राठौर (44 साल) और संतोष राठौर (45 साल) को हिरासत में लिया। उन्होंने ठगी करना स्वीकार किया। उनके पास से 7 लाख 78 हजार रुपए नकद और लगभग 50 ग्राम का एक सोने का कड़ा बरामद हुआ।
आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस उनके साथियों की तलाश में यूपी पहुंची। पुलिस ने प्रयागराज से सुनीता गुजराती (35 साल) और कमला गुजराती (45 साल) को पकड़ा। ये दोनों भी गुजरात के ही रहने वाले थे। इनके पास से 12 लाख 53 हजार रुपए नकद और लगभग 50 ग्राम का एक सोने का कड़ा बरामद हुआ।


