रायगढ़,02मार्च। रायगढ़ जिला में पुष्पा फिल्म की तर्ज पर चार पहिया वाहन को मोडिफाई कर गांजा की तस्करी की जा रही थी। कार के बैकलाईट व गेट के पास छिपाकर गांजा को ले जाया जा रहा था। तभी सायबर व लैलूंगा पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिल रही थी कि पत्थलगांव क्षेत्र का एक व्यक्ति ओड़िसा से गांजा लाकर रायगढ़ होते हुए अन्य राज्यों में सप्लाई करता है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए SSP शशि मोहन सिंह ने थाना लैलूंगा व साइबर थाना की संयुक्त टीम को आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए। तभी पुलिस को रविवार की शाम को सूचना मिली कि दो व्यक्ति चॉकलेट रंग की मारुति सुजूकी रिट्ज कार में ओड़िसा से गांजा लेकर पाकरगांव लैलूंगा की ओर आ रहे हैं। जिसके बाद पुलिस टीम द्वारा पाकरगांव अटल चौक के पास घेराबंदी की गई। देर शाम संदिग्ध कार दिखाई देने पर पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी पुलिस को देखकर वाहन को कच्चे रास्ते की ओर मोड़कर भागने लगे।
ऐसे में साइबर व पुलिस टीम ने घेराबंदी कर किसी तरह वाहन को रोक लिया। इसके बाद पूछताछ करने पर वाहन में सवार आरोपियों ने अपना नाम श्रवण कुमार निषाद 34 साल निवासी ग्राम कमरगा और महेन्द्र प्रसाद चौहान 40 साल निवासी गमेकेला बताया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा तस्करी से इंकार किया, लेकिन पुलिस ने जब कार की बारीकी से जांच की, तो कार के दरवाजों और बैकलाईट के अंदर बनाए गए गुप्त चेंबर से गांजा बरामद हुआ। आरोपी श्रवण कुमार निषाद के कब्जे से करीब 19.033 किलोग्राम गांजा व महेन्द्र प्रसाद चौहान के कब्जे से करीब 10.082 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने कार और दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस ने 29 किलो गांजा समेत 17.65 लाख की कुल संपत्ति जब्त की है।
10 किलो गांजा पर 10 हजार का लालच दिया
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रामकुमार कुजूर निवासी महेशपुर थाना पत्थलगांव जिला जशपुर द्वारा उन्हें ओड़िसा से गांजा लाने के लिए प्रति 10 KG गांजा पर 10 हजार रुपये देने का लालच दिया गया था। दोनों आरोपी ओड़िसा जाकर गांजा लाए और उसे कार में छुपाकर रामकुमार कुजूर तक पहुंचाने जा रहे थे।
इस मामले में थाना लैलूंगा में आरोपी श्रवण कुमार निषाद, महेन्द्र प्रसाद चौहान और फरार आरोपी रामकुमार कुजूर के खिलाफ धारा 20(ठ), 29 NDPS एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि फरार आरोपी रामकुमार कुजूर की तलाश जारी है। इस संबंध में SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त आरोपियों, सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े हरेक व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जाएगा। साथ ही इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।





















