कोरबा मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन खरीदी की प्रक्रिया 4 साल से कागज में उलझी है। 3 साल में सीजीएमएससी मशीन नहीं खरीद सकी तो अब स्थानीय स्तर पर जैम पोर्टल से खरीदी अटकी है। इस कारण मरीज परेशान हो रहे हैं।
जिले में किसी भी सरकारी अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन से जांच की सुविधा नहीं है। कोविड काल में सीटी स्कैन मशीन की जरूरत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए सीएसआर से खरीदी की पहल जिला प्रशासन ने की थी। इस बीच जिला अस्पताल के मेडिकल कॉलेज संबद्ध होने से मरीजों की संख्या बढ़ने से आवश्यकता और भी ज्यादा बढ़ गई। शासन की गाइडलाइन के तहत सीटी स्कैन मशीन खरीदी के लिए सीजीएमएससी को ऑर्डर कर 2 करोड़ अग्रिम राशि का भुगतान कर दिया, लेकिन करीब 3 साल से सीजीएमएससी सीटी स्कैन मशीन की खरीदी नहीं कर सकी।
13 करोड़ रुपए की मशीन को जल्द खरीदा जाएगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए 13 करोड़ रुपए की लागत से 128 स्लाइड की एडवांस वर्जन मशीन खरीदनी है। इसके लिए पहले एनटीपीसी से सीएसआर फंड से मिले 2 करोड़ और डीएमएफ से मिले 11 करोड़ रुपए फंड में उपलब्ध हैं, लेकिन दो बार टेंडर बुलाने के बाद भी सक्षम भागीदारों के नहीं आने से मशीन की खरीदी नहीं हो पा रही है। अब फिर से प्रबंधन ने टेंडर बुलाया है।
सीटी स्कैन मशीन खरीदी की प्रक्रिया अब भी जारी ^डीन डॉ. केके सहारे के मुताबिक मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए एडवांस हाई क्वालिटी की सीटी मशीन की जरूरत है, जिसकी खरीदी के लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। पूर्व में पर्याप्त बोलीदार नहीं मिलने से शर्तों को शिथिल करते हुए कंपनियों के अलावा अन्य बोलीदार भी शामिल हो सकते हैं। 3 माह में सीटी स्कैन मशीन खरीदी कर सुविधा शुरू करने का प्रयास है।

