कोरबा/पाली महाशिवरात्रि पर 15 और 16 फरवरी को ग्राम पंचायत केराझरिया मैदान में पाली महोत्सव आयोजित है। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दो दिवसीय महोत्सव में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक संगीत का संगम देखने को मिलेगा।
समारोह का उद्घाटन शाम 7 बजे पाली शिव मंदिर घाट में शिव आरती व दीपोत्सव के साथ होगा। मुख्य अतिथि डिप्टी सीएम अरुण साव होंगे। पहले दिन बॉलीवुड के गायक मीत ब्रदर्स, खुशबू ग्रेवाल और सलमान अली के गीतों से शाम सजेगी। छत्तीसगढ़ी कलाकार दीपक साहू और छत्तीसगढ़ी गायक ऋषिराज पांडे भी कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। कठपुतली नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन करेंगे। विशिष्ट अतिथि सांसद ज्योत्सना महंत, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, पाली तानाखार विधायक तुलेश्वर मरकाम, रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता जायसवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष जायसवाल केराझरिया की सरपंच गिरजा पैकरा उपस्थित रहेंगे। समापन समारोह 16 फरवरी शाम 7 बजे आयोजित है। मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन होंगे। समापन संध्या पर लोकप्रिय गायक अनुज शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे। बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर भी प्रस्तुति देने पहुंच रही हैं।
लवली शर्मा सितार वादन की प्रस्तुति देंगी। इसके साथ ही स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। कलेक्टर कुणाल दुदावत और एसपी सिद्धार्थ तिवारी आयोजन स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं। यहां मंच का निर्माण, दर्शक दीर्घा, बैठक व्यवस्था वीआईपी बैठक, विभाग स्टॉल, पार्किंग और बेरीकेटिग कर ली गई है। आपातकालीन स्थिति से निपटने स्वास्थ्य विभाग और पीडब्ल्यूडी विभाग के टीम मौजूद रहेगी। पेयजल, शौचालय और कलाकारों के ठहरने की व्यवस्था को भी सुव्यस्थित रखने कहा है।





















