रामचन्द्रपुर शनिवार को बलरामपुर अपर कलेक्टर आरएस लाल और रामचंद्रपुर तहसीलदार अश्विनी चन्द्रा व नायब तहसीलदार आईसी यादव ने सुबह गश्त के दौरान ग्राम तालकेश्वरपुर के घने जंगल में एक ट्रैक्टर में 120 बोरी अवैध धान जब्त किया।
मौके से ट्रैक्टर चालक भाग गया। तस्करों ने तालकेश्वरपुर के घने जंगल में ट्रैक्टर को पुआल और झाड़ियों से िछपा दिया था। बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड में झारखंड और उत्तरप्रदेश से धान की अवैध तस्करी रोकने झारखंड और उत्तरप्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में अलग-अलग रास्तों पर 9 चेक पोस्ट बनाए गए है, जिससे कोचियों को उत्तरप्रदेश का धान छत्तीसगढ़ में खपाने से रोका जा सके।
दरअसल, प्रदेश में समर्थन मूल्य पर मंडियों में धान खरीदी शुरू होते ही दलाल सक्रिय होकर झारखंड और यूपी के पगडंडियों और मुख्य मागों से प्रशासन की टीम को चकमा देकर रामचंद्रपुर, सनावल और उसके आसपास के गांव में धानों का भंडारण कर बाद में इसे फर्जी तरीके से मंडियों में बेच देते हैं। टीम पेट्रोलिंग कर कोचियों पर नजर रखी हुई है, लेकिन तस्कर जंगल और दूसरे रास्तों से अवैध धान प्रदेश में खपाने में जुटे हैं। बलरामपुर अपर कलेक्टर आरएस लाल ने कहा कि तस्करी को रोकने उड़नदस्ता टीम का गठन किया है। चेकपोस्ट पर 24 घंटे प्रशासनिक अमले के साथ उड़नदस्ता टीम भी चेकिंग कर रही है। साथ ही पेट्रोलिंग कर कोचियों पर सख्ती से नजर रखी है, ताकि तस्कर यूपी और झारखंड से सटे गावों में बिल्कुल भी नहीं घुस सकें। इसी प्रकार आगे भी सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।



















