कोरबा : पसान थाना पुलिस ने हत्या के फरार आरोपी रामसिंह मरपच्ची (45) निवासी ग्राम रानीमान को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित था। हत्या का कारण 500 रुपये का लेनदेन और मृतक द्वारा मारे गए दो थप्पड़ बताए जा रहे हैं, जिसके बाद गुस्से में आकर रामसिंह ने डंडे से हमला कर मृतक कल्याण सिंह की हत्या कर दी थी।
घटना के अनुसार, आरोपी और मृतक कल्याण सिंह एक ही गांव के निवासी थे। रामसिंह ने कल्याण सिंह को 500 रुपये उधार दिए थे, जिसे वह छेरछेरा पर्व के दिन वापस मांग रहा था। कल्याण सिंह ने पैसे न होने की बात कहकर टालमटोल की और आरोपी को शराब लाने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में मृतक ने रामसिंह को दो थप्पड़ जड़ दिए। इससे क्रोधित होकर रामसिंह ने कमरे में रखे डंडे से कल्याण सिंह पर हमला कर दिया और उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के समय घर पर कोई और मौजूद नहीं था। हत्या के बाद रामसिंह मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद से ही रामसिंह पुलिस की पकड़ से बाहर था। उसने अपना मोबाइल भी बंद रखा और परिजनों को कोई जानकारी नहीं दी। वह मरवाही में एक ईंट भट्टी पर काम करने चला गया, जहां वह कई महीनों तक छिपा रहा। पसान थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। लंबी खोजबीन के बाद भी जब रामसिंह का पता नहीं चला, तो पुलिस ने उसके ऊपर 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया।
आरोपी बेहद शातिर था और लंबे समय तक फरार रहा। हाल ही में वह अपनी बेटी से मिलने आया था, तभी मुखबिर की सूचना पर पसान पुलिस ने उसे धर दबोचा। पसान थाना प्रभारी उप निरीक्षक श्रवण विश्वकर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि मरवाही की ईंट भट्टी पर काम के दौरान ठेकेदार द्वारा रामसिंह को मजदूरी का पैसा नहीं दिया जाता था, केवल खाना दिया जाता था, जिससे वह आर्थिक तंगी का भी सामना कर रहा था। इस घटना ने एक छोटे से लेनदेन को लेकर हुए विवाद की भयावह परिणति को उजागर किया है।