कोरबा /लेमरू, कोरबा 09 फरवरी 2026 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लेमरू में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत हाई स्कूल की 29 छात्राओं को साइकिल वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण रहा और छात्राओं के चेहरों पर उत्साह एवं आत्मविश्वास की झलक साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री हरिशंकर यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राओं के अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।





इस अवसर पर श्री हरिशंकर यादव ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दूरदराज क्षेत्रों में अध्ययनरत बालिकाओं के लिए सरस्वती साइकिल योजना किसी वरदान से कम नहीं है। इस योजना से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी, उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और पढ़ाई में निरंतरता आएगी। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।
श्री यादव ने छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की यह योजना बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सशक्त पहल है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।
विद्यालय परिवार की ओर से बताया गया कि सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा से जोड़कर ड्रॉपआउट दर को कम करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। साइकिल मिलने से छात्राओं को समय की बचत होगी तथा वे नियमित रूप से विद्यालय आ सकेंगी।
कार्यक्रम के अंत में शाला प्रबंधन समिति, विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने शासन की इस जनकल्याणकारी योजना के लिए आभार व्यक्त किया तथा छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




















