कोरबा। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से युवा नेता मनोज यादव को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की खबर सामने आते ही दर्री क्षेत्र सहित भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
मनोज यादव लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वे पहले भाजपा युवा मोर्चा में सक्रिय रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने दर्री मंडल के महामंत्री और भाजपा जिला मंत्री के रूप में भी संगठन की जिम्मेदारियां निभाई हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत करने और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दर्री क्षेत्र में युवाओं और आम लोगों के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रियता, मेहनत और नेतृत्व क्षमता के कारण उन्हें पार्टी का एक जमीनी और समर्पित कार्यकर्ता माना जाता है।
वर्तमान में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के करीबी माने जाने वाले मनोज यादव की यह नियुक्ति संगठन की एक महत्वपूर्ण रणनीतिक पहल के रूप में देखी जा रही है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव और सक्रियता से कोरबा जिले में भाजपा संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।
नियुक्ति के बाद मनोज यादव ने भाजपा के जिला और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि वे संगठन के विकास और कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.





















