चैतमा. बिजली के खुले तारों को निकालकर चैतमा बस्ती में केबलिंग का कार्य किया जा रहा है। इस बीच मंगलवार को सुबह 11 बजे शिक्षक कॉलोनी के बाद दोपहर 3 बजे केबल समेत डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स जलने की घटना से लगभग 5 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। चैतमा सब स्टेशन से बस्ती में बिजली सप्लाई की जाती है। केबल जलने की घटना से ग्रामीणों ने इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाया है।
हालांकि ओवरलोड भी केबल जलने की घटना की वजह हो सकती है। चैतमा के सब स्टेशन से लगभग 70 गांवों को बिजली की सप्लाई की जाती है। इन गांवों के बिजली उपभोक्ता पावरकट से परेशान हैं। घंटेभर से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। सब स्टेशन के सुधार अमले में भी पर्याप्त स्टॉफ नहीं है। दूसरी ओर लंबी लाइन होने से फाल्ट आने पर सुधार में समय लगता है। इन दिनों केबल जलने की घटना से बिजली सप्लाई बंद होने से क्षेत्र के उपभोक्ता परेशान हैं। बिजली वितरण केन्द्र पाली के सहायक अभियंता नारायण प्रसाद सोनी के कॉल रिसीव नहीं करने से प्रबंधन का पक्ष नहीं मिल पाया।




















