कोरबा रायपुर में पकड़े गए नक्सली दंपती से मिले इनपुट के आधार पर स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने शनिवार को मजदूर के रूप में कोरबा के कोयला खदान में काम कर चुके नक्सली रामा किच्चा को पकड़ा है।
हालांकि एजेंसी व पुलिस ने उक्त संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। एसपी सिद्धार्थ तिवारी समेत सभी थाना प्रभारियों ने जिले से नक्सली की गिरफ्तारी के संबंध में कोई सूचना उन्हें नहीं होने की बात कही। रविवार सुबह उक्त नक्सली के कोरबा से पकड़े जाने की सूचना सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद जिले में हड़कंप मच गया। लोगों के साथ प्रशासनिक, पुलिस व एसईसीएल के अधिकारियों समेत वहां के श्रमिक नेता व कर्मचारी पकड़े गए नक्सली के संबंध में जानने प्रयासरत रहे। हालांकि रात तक नक्सली को कोरबा से पकड़ा गया है या दूसरी जगह से, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी द्वारा पूछताछ के बाद खुलासा करने पर ही स्पष्ट पता चल पाएगा कि नक्सली ने कोरबा के किस खदान में मजदूरी की है। नक्सली को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।


