कोरबा। अष्टमी के पावन अवसर पर कोरबा जिले के प्रसिद्ध मां मड़वा रानी मंदिर में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालु दिन-रात बिना थके, 5 किलोमीटर लंबा पहाड़ी रास्ता तय कर मां के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे। लेकिन इस अपार श्रद्धा के बीच प्रशासनिक लापरवाही ने एक बार फिर व्यवस्था की पोल खोल दी।
सैकड़ों स्ट्रीट लाइट, लेकिन अधेरे में डूबा रास्ता
मंदिर मार्ग में सैकड़ों स्ट्रीट लाइट्स तो लगाई गई हैं, लेकिन इनमें से अधिकतर खराब पड़ी थीं। रात के अंधेरे में श्रद्धालुओं को टॉर्च और मोबाइल की रोशनी के सहारे चलना पड़ा। इस तरह की अव्यवस्था न सिर्फ श्रद्धालुओं की आस्था का अपमान है, बल्कि उनकी सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा है।
जंगली जानवरों और जहरीले कीड़ों का भी खतरा
5 किलोमीटर लंबे पहाड़ी रास्ते में कई जगह जंगल से सटा हुआ इलाका है, जहां जंगली जानवरों और जहरीले सांप-बिच्छुओं का डर बना रहता है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह यात्रा अत्यंत जोखिमपूर्ण हो जाती है।
शासन और समिति पर उठे सवाल
श्रद्धालुओं का कहना है कि आयोजनों से पहले भव्य तैयारियों की बातें तो होती हैं, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही होती है। न तो पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई और न ही सुरक्षा या प्राथमिक उपचार की कोई ठोस व्यवस्था नजर आई।


